यूपीएससी के परिणामों पर छात्रों का प्रदर्शन
30 अगस्त , 2010
नई दिल्ली। दिल्ली में छात्रों के एक समूह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के परिणामों को लेकर रविवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने परिणामों में धांधली एवं आयोग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए हाथों में मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शन किया। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के शोधछात्र अनुराग त्रिपाठी ने बताया, ""कम अंक पाने वाले कई छात्रों के नाम सूची में डाल दिए गए हैं, जबकि ज्यादा अंक पाने वालों के नाम सूची से बाहर रखे गए हैं।""उल्लेखनीय है कि यूपीएससी ने प्रवेश परीक्षा के परिणामों की घोषणा पिछले सप्ताह की गई थी। यूपीएससी देश की उच्चातर प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश के लिए त्रि-स्तरीय वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन करता है। छात्र परीक्षा के संचालन एवं अंक तालिका के प्रकाशन की प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। जेएनयू के एक अन्य छात्र कपिल ने कहा, ""मैंने भूगोल में 84 और सामान्य अध्ययन में 56 अंक पाए हैं, लेकिन सूची में मेरा नाम नहीं था। मैं कम अंक पाने वाले उन छात्रों को जानता हूं जिनके नाम सूची में शामिल हैं।"" छात्र पहले भी अंक एवं अंकों की तालिका दिखाने की मांग कर चुके हैं। आयोग अंक दिखाने संबंधी सूचना के अधिकार के तहत दिए गए आवेदनों को भी निरस्त कर चुका है। प्रदर्शकारी छात्र हाथों में तख्तियां और बैनर भी लिए हुए थे तथा यूपीएससी के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें